निरसा में एनएच-19 पर फायरिंग से सनसनी, पेट्रोल पंप संचालक के बेटे को लगी गोली

NEWS SAGA DESK

धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब देवियाना गेट स्थित एनएच-19 पर मां उमा शक्ति फिलिंग पॉइंट के पास गोली चलने की घटना सामने आई। इस फायरिंग में पेट्रोल पंप मालिक और पत्थर व्यवसायी पारस सिंह के पुत्र सौरभ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और परिजनों के साथ-साथ पंप कर्मियों में दहशत फैल गई। घायल सौरभ सिंह को तत्काल धनबाद के असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही निरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजत मानिक बाखला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पेट्रोल पंप के पीछे स्थित सुनसान इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।

मौके से बियर की खाली बोतलें, चिप्स के पैकेट, एक गोली का खोखा और खून के धब्बे मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस प्रारंभिक तौर पर आशंका जता रही है कि घटना खाने-पीने के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी हो सकती है। एसडीपीओ रजत मानिक बाखला ने बताया कि जांच में घायल युवक की पहचान सौरभ सिंह के रूप में हुई है और वह पेट्रोल पंप संचालक का पुत्र है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था। जांच में यह भी सामने आया है कि सौरभ सिंह के पास एक लाइसेंसी पिस्टल है। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है कि फायरिंग उसी हथियार से हुई या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा गोली चलाई गई। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।

Read More News

Read More