झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में लापरवाही नहीं चलेगी: पुष्कर महतो

NEWS SAGA DESK

रांची: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा (एएसएम) के प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा है कि झारखंड आंदोलनकारियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार से कई जिलों के उपायुक्तों पर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

पुष्कर महतो ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि गृह विभाग के आदेश का पालन नहीं करते हुए गुमला, बोकारो, रामगढ़, लातेहार, चतरा, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, जामताड़ा, पलामू और खूंटी जिलों में झारखंड आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र और सम्मान पत्र का समुचित वितरण नहीं किया गया। यह उन आंदोलनकारियों का अपमान है जिन्होंने झारखंड अलग राज्य के लिए संघर्ष, त्याग और बलिदान दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिन स्थानों पर प्रमाण पत्र वितरित भी किए गए, वहां प्रक्रिया अधूरी और अपुष्ट रही। कई जगहों पर न तो पूरी संख्या में प्रमाण पत्र दिए गए और न ही अधिसूचना संख्या का उल्लेख किया गया। महतो ने इसे सरकार विरोधी साजिश बताते हुए कहा कि यह संघीय व्यवस्था के मूल्यों और मर्यादाओं का उल्लंघन है।

एएसएम के प्रधान सचिव ने राज्य सरकार से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित सभी उपायुक्तों पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में गृह विभाग के आदेशों की अवहेलना और सरकार विरोधी कृत्यों की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि 3 जनवरी 2026 को मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आभार यात्रा के तहत हजारों की संख्या में झारखंड आंदोलनकारी एकजुट होंगे।

Read More News

Read More