News Saga Desk
झारखंड में घने कुहासे का असर हवाई और रेल यातायात पर साफ नजर आ रहा है. रविवार को लो विजिबिलिटी के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर विमानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ. सुबह निर्धारित समय पर आने-जाने वाली फ्लाइटें कुहासे की वजह से समय पर नहीं चल सकीं, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, सुबह 7 बजे रांची पहुंचने वाली पहली फ्लाइट भी तय समय पर नहीं आ सकी. पुणे से आने वाली फ्लाइट सबसे पहले सुबह 10:35 बजे रांची पहुंची. दिनभर में कुल 13 फ्लाइटें कई घंटे की देरी से रांची आईं, जबकि पांच फ्लाइटों को रद्द करना पड़ा. रद्द की गई उड़ानों में इंडिगो की रांची–कोलकाता और रांची–दिल्ली, साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस की रांची–दिल्ली, रांची–बेंगलुरु और रांची–मुंबई फ्लाइट शामिल हैं.
कई प्रमुख रूट की फ्लाइटें निर्धारित समय से काफी देर से रवाना हुईं. रांची से बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और चेन्नई जाने वाली उड़ानों में एक से लेकर कई घंटे तक की देरी दर्ज की गई. एयरलाइंस अधिकारियों के मुताबिक, घना कुहासा और एयर ट्रैफिक दबाव इसकी मुख्य वजह रहा.
हवाई सेवाओं के साथ-साथ रेल यातायात भी प्रभावित हुआ. कुहासे के कारण रांची आने वाली सात ट्रेनें विलंब से पहुंचीं. इनमें दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस, झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, झारखंड स्वर्ण एक्सप्रेस, इस्लामपुर–हटिया एक्सप्रेस और हावड़ा–हटिया एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं, जो एक घंटे से लेकर सात घंटे तक देरी से रांची पहुंचीं.
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कुहासे की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है. ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले फ्लाइट और ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
No Comment! Be the first one.