बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का जलवा बरकरार, रणवीर सिंह की फिल्म ने ‘एनिमल’ का रिकॉर्ड तोड़ा

News Saga Desk
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रणबीर कपूर की सुपरहिट फिल्म ‘एनिमल’ के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है. रिलीज के 18वें दिन तक फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड इसकी कमाई 750 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है.

फिल्म को रिलीज हुए 17 दिन पूरे हो चुके हैं और खास बात यह है कि अब तक ‘धुरंधर’ की कमाई हर दिन डबल डिजिट में बनी हुई है. इस दमदार प्रदर्शन के साथ यह फिल्म साल 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है. दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स फिल्म की कमाई में साफ दिखाई दे रहा है.

Sacnilk की अर्ली रिपोर्ट के मुताबिक, 18वें दिन सुबह 8 बजे तक ‘धुरंधर’ ने 0.13 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. यह शुरुआती आंकड़े हैं और नाइट शोज के बाद इसमें बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है. अब तक फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 555.63 करोड़ रुपये पहुंच चुका है, जिससे इसने ‘एनिमल’ के लाइफटाइम कलेक्शन 553 करोड़ रुपये को पीछे छोड़ दिया है. अब फिल्म की नजर शाहरुख खान की ‘जवान’ (640 करोड़ रुपये) के रिकॉर्ड पर टिकी हुई है.

डे-वाइज कलेक्शन की बात करें तो ‘धुरंधर’ ने पहले ही दिन से मजबूत शुरुआत की और दूसरे वीकेंड पर भी शानदार कमाई की. 16वें और 17वें दिन फिल्म ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ते हुए क्रमशः 34.25 करोड़ और 38.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो इसकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है.

अब ‘धुरंधर’ को 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होने वाली कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ से बॉक्स ऑफिस पर टक्कर मिलेगी. देखना दिलचस्प होगा कि नई रिलीज के बावजूद रणवीर सिंह की यह फिल्म अपनी रिकॉर्डतोड़ रफ्तार बनाए रख पाती है या नहीं.

Read More News

Read More