पेट्रोल पंप बना क्लासरूम, वीडियो वायरल होते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया फैसला

News Saga Desk

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर सामने आए एक भावुक वीडियो का संज्ञान लेते हुए रांची के उपायुक्त (डीसी) को संबंधित बच्चे की मदद करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने यह पहल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो वायरल होने के बाद की और स्पष्ट रूप से कहा कि बच्चे की पढ़ाई के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए.

दरअसल, एक यूजर ने एक्स पर मुख्यमंत्री को टैग करते हुए रांची के रिंग रोड स्थित सुकुरहुटू इलाके का एक वीडियो साझा किया था. वीडियो में दिखाया गया कि 8 वर्षीय एलेक्स मुंडा रात के समय पेट्रोल पंप की लाइट के नीचे बैठकर पढ़ाई कर रहा है. उसकी मां नूतन टोप्पो खुद उसे पढ़ाती नजर आ रही हैं. पोस्ट में बताया गया कि सात साल पहले पति के निधन के बाद नूतन टोप्पो पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी आ गई और दिनभर पेट्रोल पंप पर मजदूरी करने के बाद वही जगह रात में उनके बेटे के लिए क्लासरूम बन जाती है.

इस वीडियो को देखने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची डीसी को टैग करते हुए लिखा कि मामले का संज्ञान लिया जाए और एलेक्स की शिक्षा के लिए हर संभव मदद सुनिश्चित करते हुए जानकारी दी जाए. मुख्यमंत्री की इस त्वरित प्रतिक्रिया की सोशल मीडिया पर सराहना भी हो रही है.

वीडियो में मां-बेटे की सादगी और संघर्ष साफ झलकता है. सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों पूरी शांति और लगन के साथ पढ़ाई करते नजर आते हैं, जो कई लोगों को भावुक कर गया.

इस मामले पर रांची डीसी ने भी जवाब दिया है. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं. साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया है कि एलेक्स को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा.

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More