News Saga Desk
झारखंड में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने रांची के उपायुक्त से स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने उपायुक्त को ईमेल भेजकर कहा है कि मौजूदा मौसम हालात छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं, ऐसे में सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में कुछ दिनों के लिए छुट्टी दी जानी चाहिए।
एसोसिएशन के अनुसार, रांची जिले में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि लोहरदगा में तापमान 3.0 डिग्री, गुमला में 5.2 डिग्री और गढ़वा में 4.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। मौसम विभाग ने भी चेतावनी जारी की है कि आने वाले कई दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
अजय राय ने बताया कि कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीतलहर के कारण सुबह-सुबह स्कूल जाना छोटे बच्चों के लिए जोखिम भरा हो गया है। कई अभिभावकों ने शिकायत की है कि बच्चे ठंड की वजह से बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन स्कूल खुला रहने के कारण उन्हें मजबूरी में स्कूल भेजना पड़ रहा है।
शीतलहर के प्रकोप से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। सुबह सात बजे भीषण ठंड में बच्चे स्कूल बस से स्कूल जाने को मजबूर हैं और दोपहर में लौटते समय भी ठंड में कोई खास कमी नहीं होती। छोटे-छोटे बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल जाते नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ने का खतरा बढ़ गया है।
अभिभावकों और समाजसेवियों ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द स्कूलों में अवकाश घोषित करने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते फैसला नहीं लिया गया तो यह बच्चों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
No Comment! Be the first one.