News Saga Desk
साल 2025 भारतीय क्रिकेट के लिए यादगार भी रहा और विवादों से भरा भी। एक तरफ पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया, वहीं दूसरी ओर कई ऐसे विवाद सामने आए जिन्होंने खेल से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। इन घटनाओं का असर सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि क्रिकेट बोर्ड, खिलाड़ियों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों तक महसूस किया गया। साल के अंत में, नजर डालते हैं उन पांच बड़े विवादों पर जिन्होंने 2025 में भारतीय क्रिकेट को सबसे ज्यादा प्रभावित किया।
1. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और पाकिस्तान विवाद
साल की शुरुआत चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर बड़े विवाद से हुई। पाकिस्तान को टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने के बाद भी टीम इंडिया ने सुरक्षा कारणों से वहां खेलने से इनकार कर दिया। इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीखी बहस छिड़ गई। आखिरकार आईसीसी की मध्यस्थता के बाद भारत के सभी मैच यूएई में कराए गए। इसके बाद पाकिस्तान ने भी भविष्य में भारत में होने वाले आईसीसी टूर्नामेंट्स से दूरी बनाने का ऐलान किया, जिससे दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों में और तनाव आ गया।
2. एशिया कप 2025 में ‘नो हैंडशेक’ विवाद
एशिया कप 2025 में भारत-पाक मुकाबले के दौरान हैंडशेक न करने का मामला खूब चर्चा में रहा। आतंकी हमलों के बाद टीम इंडिया ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने का फैसला लिया। टॉस के वक्त भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव द्वारा पाक कप्तान सलमान आगा के बढ़े हाथ को नजरअंदाज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पाकिस्तान ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया, हालांकि नियमों के अभाव में आईसीसी ने शिकायत खारिज कर दी।
3. एशिया कप फाइनल के बाद ट्रॉफी विवाद
एशिया कप जीतने के बाद भी विवाद थमता नजर नहीं आया। भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। लंबे संवाद के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला और ट्रॉफी भारत तक नहीं पहुंच सकी। टीम इंडिया ने सोशल मीडिया पर वर्चुअल ट्रॉफी के साथ जश्न मनाकर इस मुद्दे पर अप्रत्यक्ष तंज कसा, जो लंबे समय तक चर्चा में रहा।
4. आईपीएल 2025 में बेंगलुरु भगदड़ हादसा
आईपीएल 2025 बेंगलुरु के लिए खुशी और गम दोनों लेकर आया। आरसीबी ने पहली बार खिताब जरूर जीता, लेकिन जीत के जश्न के दौरान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई। इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई और अनेक घायल हुए। घटना के बाद आयोजन व्यवस्था, बीसीसीआई और राज्य सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे। यह हादसा साल के सबसे दुखद अध्यायों में शामिल रहा।
5. स्मृति मंधाना से जुड़ा निजी विवाद
महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट नई ऊंचाइयों पर पहुंचा, लेकिन इसी दौरान स्मृति मंधाना की निजी जिंदगी से जुड़ा विवाद सामने आ गया। शादी की घोषणा के कुछ ही दिनों बाद अचानक हालात बदले और सोशल मीडिया पर कई दावे, स्क्रीनशॉट और अफवाहें सामने आईं। अंततः शादी टलने की खबरों ने महिला टीम की ऐतिहासिक सफलता पर भी असर डाला और यह मामला लंबे समय तक चर्चा में रहा।
No Comment! Be the first one.