NEWS SAGA DESK
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यह मकान कोलकाता में पदस्थापित सिविल सर्जन जयंतो शुक्ल की पत्नी के नाम पर है, जो पिछले करीब तीन महीनों से परिवार के साथ कोलकाता में रह रहे थे। लंबे समय से घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते अंदर घुस गए।
चोरों ने घर से फ्रिज, एसी का कंप्रेसर, बिजली से जुड़े उपकरण, खिड़कियों की एल्युमिनियम शीट, बाथरूम के नल, अलमारी में रखी साड़ियां, चादरें सहित कई घरेलू सामान चुरा लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर की बिजली वायरिंग और बाथरूम की पानी की पाइप लाइन को भी उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने गृहस्वामी के साले मनोजित पांडे को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घर की हालत देखकर स्तब्ध रह गए। इसके बाद उन्होंने सिविल सर्जन जयंतो शुक्ल और नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मनोजित पांडे के अनुसार प्रारंभिक अनुमान में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, साथ ही मकान की दोबारा मरम्मत भी करानी पड़ेगी। सिविल सर्जन के कोलकाता से आने के बाद ही चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन हो सकेगा।
No Comment! Be the first one.