News Saga Desk
मुंबई: राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी सुपरहिट फिल्म 3 इडियट्स को क्रिसमस के दिन 16 साल पूरे होने जा रहे हैं। 25 दिसंबर 2009 को रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाए, बल्कि शिक्षा, दोस्ती और जिंदगी को देखने का नजरिया भी बदल दिया। फिल्म की सालगिरह के मौके पर इसके सीक्वल 3 इडियट्स 2 को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। इसी बीच राजू रस्तोगी का किरदार निभाने वाले एक्टर शर्मन जोशी ने इन अटकलों पर खुलकर बात की है।
शर्मन जोशी ने साफ किया कि वह खुद भी चाहते हैं कि 3 इडियट्स का सीक्वल बने, लेकिन फिलहाल उन्हें इससे जुड़ी कोई ठोस जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सीक्वल को लेकर पहले भी कई बार अफवाहें उड़ी हैं, लेकिन हर बार बात किसी और ही दिशा में निकल गई। एक बार तो लोग एक विज्ञापन को ही फिल्म का सीक्वल समझ बैठे थे। शर्मन के मुताबिक, इस कहानी को आगे बढ़ाने का फैसला सिर्फ निर्देशक राजकुमार हिरानी, लेखक अभिजीत जोशी और आमिर खान ही कर सकते हैं।
फिल्म के 16 साल पूरे होने पर भावुक होते हुए शर्मन ने कहा कि 3 इडियट्स उनके करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक है। वह खुद को खुशनसीब मानते हैं कि उन्हें इस ऐतिहासिक फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला, जिसने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई।
शर्मन ने फिल्म से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब उन्हें फिल्म के लिए फाइनल कॉल आया था, तब वह जिम में सिक्स पैक बनाने में जुटे थे। तभी राजकुमार हिरानी ने उनसे कहा था कि अब अगले तीन साल तक जिम की शक्ल मत देखना। यह बात आज भी उन्हें मुस्कुराने पर मजबूर कर देती है। उन्होंने बताया कि हिरानी ने उन्हें फिल्म स्टाइल (2001) में देखा था और तभी तय कर लिया था कि भविष्य में किसी प्रोजेक्ट में उन्हें जरूर कास्ट करेंगे, जो बाद में 3 इडियट्स के रूप में सच हुआ।
फिल्म के एक बेहद भावुक सीन को याद करते हुए शर्मन ने बताया कि आत्महत्या की कोशिश वाले दृश्य में शुरुआत में सिर्फ उनके एक्सप्रेशन असरदार नहीं लग रहे थे। इसके बाद हिरानी ने परिवार के शॉट्स और दीये के गिरने वाला सीन जोड़ने का फैसला किया, जिससे सीन का असर कई गुना बढ़ गया। शर्मन ने बताया कि रिलीज के बाद कई लोगों ने उनके माता-पिता को फोन कर पूछा था कि वह ठीक तो हैं। यहां तक कि फिल्म के प्रीमियर के दौरान उनकी छोटी बेटी भी उस सीन को देखकर रो पड़ी थी और तब तक शांत नहीं हुई, जब तक शर्मन ने उसे गोद में नहीं लिया।
16 साल बाद भी 3 इडियट्स की यादें और इसका असर दर्शकों के दिलों में उतना ही ताजा है, और शायद यही वजह है कि इसके सीक्वल की उम्मीदें आज भी कायम हैं।
No Comment! Be the first one.