नववर्ष पर सैलानियों की पसंद बना गुमला, नदी-डैम और पहाड़ों में उमड़ती है पिकनिक की भीड़

News Saga Desk

गुमला : झारखंड में घूमने-फिरने के लिए कई आकर्षक स्थल मौजूद हैं, लेकिन नववर्ष के मौके पर गुमला जिला सैलानियों की पहली पसंद बनकर उभर रहा है। नदी, पहाड़, घने जंगल और डैम से सजे इस जिले में हर साल नए साल पर पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ उमड़ती है। साल के आखिरी दिनों में जहां लोग 2025 को विदाई दे रहे हैं, वहीं 2026 के स्वागत की तैयारियों के बीच गुमला के पिकनिक स्पॉट गुलजार हो उठते हैं।

बदलते वक्त के साथ गुमला में कई नए पिकनिक स्थल भी विकसित हुए हैं, जहां परिवार और दोस्तों के साथ लोग प्रकृति की गोद में जश्न मनाने पहुंचते हैं। जिले के छह प्रखंडों में फैले ये स्थल नववर्ष के अवसर पर खास आकर्षण का केंद्र रहते हैं।

रायडीह : शंख नदी तट बना सैलानियों की पसंद

रायडीह प्रखंड स्थित पुराना शंख नदी तट सालभर पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन नए साल पर यहां खास रौनक देखने को मिलती है। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक लोग नदी किनारे पिकनिक, मौज-मस्ती और फोटोग्राफी का आनंद लेते हैं। बैठने और भोजन बनाने की सुविधाएं भी यहां मौजूद हैं।

भरनो : पारस डैम की खूबसूरती लुभाती है

भरनो प्रखंड का पारस डैम नववर्ष पर प्रमुख पिकनिक स्पॉट बन जाता है। चारों ओर जंगलों से घिरा यह डैम सैलानियों को बेहद आकर्षित करता है। डैम किनारे पत्थरों पर बैठकर लोग फोटोग्राफी करते नजर आते हैं। इसके अलावा बनटोली स्थित 50 एकड़ में फैला राज विद्या केंद्र भी घूमने वालों की पसंद है।

जारी : लावा नदी के किनारे उत्सव का माहौल

जारी प्रखंड में लावा नदी के पुल के आसपास नए साल पर पिकनिक मनाने वालों की भीड़ उमड़ती है। दोनों ओर फैले जंगल और बीच से बहती नदी इस जगह को बेहद रमणीय बनाती है। आसपास के गांवों के लोग परिवार के साथ यहां नववर्ष का आनंद लेते हैं।

पालकोट : दतली जलाशय और झरनों का आकर्षण

पालकोट प्रखंड में नेशनल हाइवे के किनारे स्थित दतली जलाशय नए साल पर खास पिकनिक स्थल बन जाता है। पहाड़ों और जंगलों से घिरे इस जलाशय की खूबसूरती लोगों को अपनी ओर खींचती है। वहीं पालकोट से करीब 15 किलोमीटर दूर सुंदरीडीह का झरना भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

बसिया : कोयल नदी और धनसिंह डैम

बसिया प्रखंड के कुसुम ढोंढा में दक्षिण कोयल नदी के तट पर हर साल हजारों लोग पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। प्राकृतिक छटाओं के बीच बहती नदी लोगों को खूब लुभाती है। इसके साथ ही साकिया स्थित धनसिंह टोली डैम में भी नववर्ष पर भारी भीड़ देखी जाती है।

सिसई : पहाड़ों और नदियों के बीच नववर्ष का जश्न

सिसई प्रखंड में पंचमठा पहाड़, कांडों कोचा, झुकना टांड़, सोंगरा पुल, रेड़वा पुल और कोयल नदी के किनारे दर्जनों स्थानों पर नए साल के अवसर पर पिकनिक मनाई जाती है। खासकर कोयल नदी के तट पर सबसे ज्यादा सैलानी जुटते हैं।

नववर्ष के मौके पर गुमला के ये पिकनिक स्पॉट प्रकृति प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव बनते जा रहे हैं, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ साल की शानदार शुरुआत करते हैं।

Read More News

अनंत सिंह करा रहे इंटरनेशनल महादंगल, देश-विदेश के पहलवान होंगे शामिल, बड़े नेताओं को भी आमंत्रण

अनंत सिंह जेल से बाहर आने के बाद लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में आज वे अपने पैतृक गांव...

पलामू के शताब्दी मार्केट में JMM नेता ह’त्या कांड के गवाह गुड्डू खलीफा की देर रात गोली मारकर ह’त्या

पलामू प्रमंडल मुख्यालय मेदिनीनगर में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।...

Read More