रांची में आज से विमेंस हॉकी इंडिया लीग का आगाज, मानुषी छिल्लर करेंगी उद्घाटन समारोह में शिरकत

News Saga Desk

राजधानी रांची में आज से विमेंस हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत होने जा रही है। लीग के उद्घाटन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 28 दिसंबर से 10 जनवरी तक चलेगा, जिसमें चार टीमों की 56 खिलाड़ी अपने खेल का जलवा दिखाएंगी।

मोराबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में उद्घाटन मुकाबला रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स दिल्ली के बीच खेला जाएगा। उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर रंगारंग प्रस्तुति देंगी। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।

14 दिनों तक चलने वाली इस लीग में कुल 12 लीग मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में भारत के साथ-साथ नीदरलैंड, अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

झारखंड हॉकी संघ के कोषाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि विमेंस हॉकी इंडिया लीग से महिला हॉकी को नई पहचान मिलेगी और झारखंड के खेल प्रेमियों को विश्वस्तरीय हॉकी देखने का अवसर प्राप्त होगा। लीग का फाइनल मुकाबला 10 जनवरी को खेला जाएगा।

Read More News

Read More