News Saga Desk
रांची रेल डिविजन से चलने वाली ट्रेनों में अब यात्रियों की सुरक्षा को और पुख्ता किया जाएगा। दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि पहले चरण में लंबी दूरी की ट्रेनों को सीसीटीवी से लैस किया जाएगा।
रेलवे बोर्ड ने देशभर में लगभग 74 हजार कोच और 15 हजार लोकोमोटिव में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। रांची रेल डिविजन की ट्रेनें भी इस योजना में शामिल हैं। कैमरे कोच के दरवाजों और सामान्य आवाजाही वाले हिस्सों में लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों की निजता बनी रहे।
डीआरएम के अनुसार, सीसीटीवी लगने से शरारती तत्वों, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी। साथ ही जीआरपी और आरपीएफ को जांच में काफी मदद मिलेगी। लगाए जाने वाले कैमरे अत्याधुनिक होंगे, जो 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार और कम रोशनी में भी उच्च गुणवत्ता की रिकॉर्डिंग करने में सक्षम होंगे। प्रत्येक कोच में प्रवेश द्वार के पास चार कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि लोकोमोटिव में आगे, पीछे और दोनों ओर कुल छह कैमरे लगाए जाएंगे।
आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार ने बताया कि हाल ही में सीसीटीवी की मदद से एक बड़ी चोरी का खुलासा किया गया। चार दिसंबर को तपस्विनी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में एक यात्री के बैग से 40 हजार रुपये नकद और करीब 55 हजार रुपये का एक महंगा पेन चोरी हो गया था। ट्रेन में लगे कैमरों की फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई, जिसके बाद राउरकेला आरपीएफ ने एक आरोपी को पकड़कर चोरी गया सामान बरामद किया।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि सीसीटीवी कैमरों की यह व्यवस्था ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी और यात्रियों का भरोसा बढ़ाएगी।
No Comment! Be the first one.