NEWS SAGA DESK
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में आयोजित दो दिवसीय अंतरराज्यीय जन-सांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा’ में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक बैरियर बगीचा, मांझाटोली में आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव, एसटी-एससी विषयक संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। राष्ट्रपति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुमला जिले के हवाई क्षेत्र में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडर या अन्य किसी भी प्रकार के हवाई उपकरण के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्तिक जतरा में विभिन्न राज्यों से आई आदिवासी पारंपरिक खोड़हादल नृत्य मंडलियां अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगी, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से रांची लौटेंगी और वहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन वे जमशेदपुर पहुंची थीं, जहां करनडीह जाहेरथान में ओलचिकी लिपि के शताब्दी समारोह और आदित्यपुर स्थित एनआईटी के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं।
No Comment! Be the first one.