परिचालन कारणों से रांची रेल मंडल की कुछ ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव

News Saga Desk

रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल के अंतर्गत परिचालन संबंधी कारणों से कुछ ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। यह बदलाव आज से प्रभावी हो गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा पर निकलने से पहले बदले हुए मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

रेलवे के अनुसार, दरभंगा–सिकंदराबाद एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 17008) अब अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर किरुल, तिलैया, बंधुआ, कोडरमा, गोमो, चंद्रपुरा और राजाबेड़ा होते हुए संचालित होगी।

इसी तरह गोड़ा–टाटानगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18186, वाया मुरी) को भी नियमित मार्ग से हटाकर हंसडीह, हरलाटांड़, मोहनपुर, देवघर और जसीडीह मार्ग से चलाया जाएगा।

वहीं रांची–गोड्डा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18603) भी बदले हुए मार्ग से चलेगी और जसीडीह, देवघर, मोहनपुर, हरलाटांड़ और हंसडीह के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाएगी।

रेल प्रशासन ने इस अस्थायी बदलाव से यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है और सहयोग की अपील की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या अधिकृत रेलवे वेबसाइट से नवीनतम जानकारी प्राप्त कर लें।

Read More News

Read More