यूपीएससी बैठक न होने से 2025 में झारखंड के 19 अधिकारी IAS प्रोन्नति से वंचित

News Saga Desk

झारखंड प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारी वर्ष 2025 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में प्रोन्नति से वंचित रह गए। इसका मुख्य कारण संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा प्रोन्नति समिति की बैठक की तिथि तय नहीं किया जाना रहा। वर्ष 2025 समाप्त होने में अब केवल एक दिन शेष है, ऐसे में इस कैलेंडर वर्ष में प्रोन्नति की सभी संभावनाएं खत्म हो गई हैं।

हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि यूपीएससी जनवरी के पहले या दूसरे सप्ताह में प्रोन्नति के लिए बैठक बुला सकता है, लेकिन अब पूरा मामला आयोग के विवेक पर निर्भर करेगा। वर्ष 2025 समाप्त होने के साथ ही इस वर्ष की नई रिक्तियां भी जुड़ जाएंगी, जिससे स्थिति और जटिल हो सकती है।

आंकड़ों के अनुसार, कैलेंडर ईयर 2025 में झारखंड प्रशासनिक सेवा से आईएएस में प्रोन्नति के लिए 13 नई रिक्तियों के सामने आने की संभावना है। ऐसे में वर्ष 2024 और 2025 की कुल रिक्तियां बढ़कर 32 हो जाएंगी। पूर्व में यूपीएससी दो कैलेंडर वर्षों की रिक्तियों को एक साथ जोड़कर प्रोन्नति पर निर्णय लेता रहा है, जबकि कुछ मामलों में केवल पहले वर्ष की रिक्तियों के आधार पर भी प्रोन्नति दी गई है।

अब यह यूपीएससी पर निर्भर करेगा कि वह वर्ष 2024 की 19 रिक्तियों के आधार पर ही बैठक बुलाकर प्रोन्नति देता है या फिर 2025 की रिक्तियों को भी जोड़कर राज्य सरकार से तीन गुना अधिकारियों के नाम दोबारा भेजने का निर्देश देता है। यदि ऐसा हुआ तो राज्य सरकार को 32 रिक्तियों के लिए 96 अधिकारियों की नई सूची भेजनी होगी, जिसके बाद ही प्रोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

प्रोन्नति में देरी के पीछे कई कारण सामने आए हैं। कुछ मामलों में सरकारी स्तर पर लापरवाही हुई, जबकि कुछ अधिकारियों द्वारा मामलों को न्यायालय में ले जाने से प्रक्रिया सब-ज्यूडिस हो गई। इसी कारण समय पर यूपीएससी को तीन गुना यानी 57 अधिकारियों के नाम नहीं भेजे जा सके। नाम समय पर नहीं मिलने के कारण यूपीएससी ने बैठक की तिथि निर्धारित नहीं की।

राज्य सरकार ने अंततः 4–5 दिन पहले 57 अधिकारियों की सूची यूपीएससी को भेजी, लेकिन दिसंबर का अंतिम सप्ताह होने के कारण आयोग भी बैठक तय नहीं कर सका। उल्लेखनीय है कि देश के 18 राज्यों में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को समय रहते आईएएस में प्रोन्नति मिल चुकी है। इन राज्यों ने सक्रियता दिखाते हुए समय पर यूपीएससी को नाम भेजे और प्रोन्नति प्रक्रिया पूरी कर ली।

Read More News

Read More