झारखंड में कड़ाके की ठंड, गुमला में पारा 2.4 डिग्री पर, 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

News Saga Desk

रांची समेत पूरे झारखंड में ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है। राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में भी ठंड का असर साफ दिखा और यहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को राज्य के 12 जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

हालांकि राहत की बात यह है कि आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, रांची और आसपास के इलाकों में 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। एक जनवरी को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 9 डिग्री, दो जनवरी को अधिकतम 24 और न्यूनतम 10 डिग्री तथा तीन जनवरी को अधिकतम 24 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान की स्थिति इस प्रकार रही—रांची में अधिकतम 24.3 और न्यूनतम 5.4 डिग्री, जमशेदपुर में 23.4 और 8.6 डिग्री, डालटनगंज में 16.0 और 5.0 डिग्री, बोकारो में 21.6 और 7.1 डिग्री, चाईबासा में 26.8 और 9.2 डिग्री, खूंटी में 25.5 और 3.7 डिग्री, लोहरदगा में 22.5 और 4.6 डिग्री, लातेहार में 21.8 और 11.2 डिग्री, सरायकेला में 24.7 और 7.1 डिग्री, पाकुड़ में 16.6 और 12.9 डिग्री तथा गुमला में अधिकतम 20.7 और न्यूनतम 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Read More News

Read More