News Saga Desk
रांची: नए साल 2026 के जश्न को सुरक्षित बनाने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की योजना तैयार की है। जश्न के नाम पर सड़कों पर लापरवाही करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पूरे शहर में अभियान चलाया जाएगा।
ड्रंक एंड ड्राइव को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की आठ विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाइजर के साथ तैनात रहेंगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पूरे जनवरी माह में रात के समय ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। वहीं, 31 दिसंबर 2025 की पूरी रात और 1 जनवरी 2026 को पूरे दिन शहरभर में वाहनों की सघन जांच की जाएगी।
तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए कई चौक-चौराहों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। ओवर स्पीड या नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए न तो शराब पीकर वाहन चलाएं और न ही तेज रफ्तार से गाड़ी चलाएं।
पिकनिक स्पॉट पर भी कड़े सुरक्षा इंतजाम
नए साल के मौके पर राजधानी रांची और आसपास के पिकनिक स्थलों पर भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संबंधित थाना क्षेत्रों की गश्ती टीमों के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। जिले के ग्रामीण इलाकों में स्थित जलप्रपातों पर स्थानीय गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ की मदद भी ली जाएगी, इसके लिए टीम को अलर्ट पर रखा गया है।
पिकनिक स्पॉट की भीड़ और संवेदनशीलता को देखते हुए कहीं एक से चार तो कहीं दो से आठ सशस्त्र जवानों की तैनाती की जाएगी, ताकि नए साल का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके।
No Comment! Be the first one.