News Saga Desk
धनबाद: नए साल के आगमन से पहले धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से जिलेभर में देर रात तक विशेष एंटी क्राइम और ट्रैफिक जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान की कमान स्वयं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने संभाली।
अभियान का मुख्य उद्देश्य असामाजिक और शरारती तत्वों पर नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नववर्ष को शांतिपूर्ण माहौल में मनाना सुनिश्चित करना रहा। जांच के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
धनबाद स्टेशन रोड समेत शहर के अन्य प्रमुख इलाकों में देर रात तक अनावश्यक अड्डेबाजी करने वालों पर भी पुलिस की सख्ती देखने को मिली। पुलिस टीमों ने विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों की गहन जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
एसएसपी ने खुद लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
एसएसपी प्रभात कुमार ने देर रात शहर के कई संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह सहित कई डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे और अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
मौके पर एसएसपी ने कहा कि नववर्ष को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए यह विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। ड्रिंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नववर्ष और पिकनिक का आनंद जिम्मेदारी के साथ लें, गहरे पानी से दूर रहें और पूरी सावधानी बरतें।
एसएसपी ने यह भी बताया कि नववर्ष को देखते हुए मॉल, बाजार, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल, पिकनिक और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में नए साल का स्वागत कर सकें।
No Comment! Be the first one.