गया में अंगीठी बनी काल: बंद कमरे में सो रही नानी और दो मासूम बच्चों की मौत

News Saga Desk

बिहार के गया जिले में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी एक ही परिवार की तीन जिंदगियों पर भारी पड़ गई। बंद कमरे में सो रही एक बुजुर्ग महिला और उसके दो मासूम नाती–नातिन की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

घटना गया जिले के कुर्किहार महादलित टोला की है, जहां बुधवार सुबह मीना देवी (60), अंशी कुमारी (6) और सुजीत कुमार (5) अपने ही घर में मृत पाए गए। बताया गया कि मंगलवार रात अत्यधिक ठंड के कारण मीना देवी ने कमरे के अंदर अंगीठी जलाई थी। ठंड से बचने के लिए दरवाजा और खिड़की बंद कर दी गई, जिससे कमरे में धुआं और जहरीली गैस भर गई। इसी दौरान तीनों सोते-सोते बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई।

बुधवार सुबह जब मीना देवी की बेटी काजल देवी कमरे में पहुंची, तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। तीनों जमीन पर बेसुध पड़े थे। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन मौतों की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर में मीना देवी, उनकी बेटी काजल देवी और उसके दो बच्चे ही मौजूद थे। काजल देवी करीब दो महीने पहले बच्चों के साथ मायके आई थी। उसके पति सुर्जेशी मांझी चेन्नई में एक निजी कंपनी में मजदूरी करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।

मीना देवी के दो बेटे जितेंद्र मांझी और बालम मांझी रोजी-रोटी के लिए बाहर ईंट भट्ठों पर काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड के मौसम में गरीब परिवारों द्वारा अंगीठी या बोरसी जलाकर सोने की मजबूरी आम है, लेकिन इससे लगातार जानलेवा हादसे हो रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में छपरा में भी अंगीठी से दम घुटने के कारण पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

Read More News

Read More