नए साल की रात हजारीबाग में सनसनी: गाना बजाने के विवाद में युवक की तलवार से हत्या

NEWS SAGA DESK

नए साल की रात हजारीबाग शहर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां इंद्रपुरी चौक पर एक युवक की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मडई खुर्द निवासी 30 वर्षीय सूरज कुमार राणा के रूप में हुई है। सूरज पेशे से टाइल्स–मार्बल मिस्त्री था।

जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी की रात करीब 9 बजे इंद्रपुरी चौक पर सूरज की कुछ युवकों से गाना बजाने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपित युवकों ने सूरज को जबरन रेडक्रॉस भवन के पास ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे घसीटते हुए लाल कोठी चौक की ओर ले जाया गया, जहां उस पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सूरज को अस्पताल ले जाया गया, जहां रात 10:39 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और इंद्रपुरी चौक पर सन्नाटा पसर गया।

पुलिस ने मामले में कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने बताया कि पिकनिक मनाकर लौटने के दौरान गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में हत्या में तब्दील हो गया। सूरज की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Read More News

Read More