News Saga Desk
बाघमारा। ठंड और शीतलहरी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सोमवार को बाघमारा प्रखंड प्रमुख गीता देवी के आवासीय कार्यालय परिसर में जरूरतमंद महिला और पुरुषों के बीच 300 कंबलों का वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) लक्ष्मण यादव उपस्थित रहे। कंबल वितरण के दौरान विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि असहाय और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची मानवता की सेवा है। गरीब एवं वंचित वर्ग की मदद करना जनप्रतिनिधियों की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रखंड प्रमुख गीता देवी ने कहा कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद राहत से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर नियमित रूप से सहायता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर जरूरतमंदों तक हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बीडीओ लक्ष्मण यादव ने बताया कि प्रशासन द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जरूरतमंदों की पहचान कर समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में भी कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पंचायत सचिव सुभाष राम, बैजनाथ प्रसाद, बंटी हरि, विपिन ठक्कर, अमित लाला, शंभू महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
No Comment! Be the first one.