वासेपुर में प्रिंस खान गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 15 मोहल्लों में एक साथ छापेमारी

News Saga Desk

धनबाद: वासेपुर इलाके में गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने सोमवार तड़के एक बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। सुबह करीब 5-6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिन्हें लगभग 20 अलग-अलग टीमों में तैनात किया गया है। पुलिस ने वासेपुर के 15 मोहल्लों में एक साथ दबिश देकर पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया।

सूत्रों के मुताबिक, यह विशेष ऑपरेशन प्रिंस खान से जुड़े शूटरों द्वारा अत्याधुनिक हथियारों की खरीद-फरोख्त की पुख्ता सूचना के बाद शुरू किया गया है। पुलिस को इनपुट मिला था कि इलाके में AK-56 और AK-47 जैसे घातक हथियारों की आमद हुई है। इसके साथ ही बाहर से शूटरों के वासेपुर पहुंचने की जानकारी भी सामने आई थी।

इसी खुफिया जानकारी के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर यह सघन अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अवैध हथियारों को बरामद करना और गैंग से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी करना है।

पुलिस की टीमें निषाद नगर, मिल्लत कॉलोनी, कबड्डी पट्टी, नीचे बाजार, करीमगंज-मारूफगंज, कमर मखदूमी रोड, गुलजारबाग, जोनल ट्रेनिंग स्कूल क्षेत्र, शमशेर नगर, रहमतगंज समेत कई संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ले रही हैं। साथ ही अपराधियों के संभावित ठिकानों और आवाजाही के रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि हाल के दिनों में प्रिंस खान गैंग की आपराधिक गतिविधियां बढ़ी हैं। हाल ही में गिरोह के एक सदस्य द्वारा धनबाद के एक कोयला व्यवसायी से रंगदारी मांगे जाने की भी सूचना मिली थी। बताया जाता है कि प्रिंस खान दुबई से अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा है और चतरा, पलामू, रांची और जमशेदपुर समेत कई जिलों के कारोबारियों से रंगदारी मांगने में सक्रिय रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों को गिरफ्तार करना, अवैध हथियार जब्त करना और प्रिंस खान गैंग के पूरे आपराधिक नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।

Read More News

Read More