रांची में अवैध हथियार गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, 110 जिंदा कारतूस समेत पिस्टल-रिवॉल्वर बरामद

News Saga Desk

राजधानी रांची में पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार व कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ी मस्जिद लेन रोड इलाके में कुछ अपराधी अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान मोहम्मद कबीर उर्फ बबलू उर्फ बोना के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान मोहम्मद कबीर ने खुलासा किया कि वह विभिन्न अपराधियों को पैसे लेकर हथियार उपलब्ध कराता था। उसने यह भी बताया कि उसके सहयोगी बिहार के कैमूर और मुंगेर जिलों से हथियार लाकर रांची में सप्लाई करते थे। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक फैक्ट्री मेड काले-भूरे रंग की पिस्टल, तीन देशी कट्टे, एक सिल्वर रंग का छह चक्रिय देशी रिवॉल्वर, दो मैगजीन और कुल 110 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इनमें 7.65 एमएम के 77 कारतूस, 9 एमएम के 20 कारतूस और 8 एमएम के 8 कारतूस शामिल हैं।

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से रांची और आसपास के इलाकों में अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय था। पुलिस आगे की जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Read More News

Read More