ED कार्यालय जांच पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का हमला, CBI जांच की मांग

News Saga Desk

रांची में हिनू स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय की घेराबंदी और जांच को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने झारखंड सरकार और पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस पूरे मामले में झारखंड हाईकोर्ट से स्वतः संज्ञान लेकर सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

रांची में मीडिया से बातचीत करते हुए संजय सेठ ने कहा कि करोड़ों रुपये के घोटाले में शामिल और करीब 18 महीने तक जेल की सजा काट चुके व्यक्ति की शिकायत पर झारखंड पुलिस ने असाधारण तेजी दिखाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस इसी तत्परता के साथ राज्य में हर अपराध पर कार्रवाई करती, तो आज अपराध का स्तर इतना ऊंचा नहीं होता।

रक्षा राज्य मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में हालात बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है और झारखंड को पश्चिम बंगाल जैसी स्थिति में धकेलने का प्रयास हो रहा है, जिसे किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति बिल्कुल स्पष्ट है और किसी भी भ्रष्ट व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

संजय सेठ ने झारखंड पुलिस की कार्रवाई को संवैधानिक व्यवस्था के लिए खतरनाक बताया और कहा कि आज का दिन राज्य के इतिहास में एक काले अध्याय के रूप में देखा जाएगा। उनके मुताबिक, इस तरह की कार्रवाई से घोटाले में शामिल लोगों का मनोबल बढ़ेगा और जांच एजेंसियों की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े होंगे।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Read More News

Read More