रामगढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दी कार्यों में तेजी लाने की हिदायत

News Saga Desk

रामगढ़: जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर मंगलवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधारभूत संरचनाओं, एफआरए, भू-अर्जन तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली गई।

उपायुक्त ने भारतमाला परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग-33, रेलवे समेत अन्य सड़क निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, संबंधित क्षेत्रों के अंचल अधिकारियों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को ग्राम सभा आयोजित कर शीघ्र पूर्ण करने का आदेश दिया।

बैठक के दौरान सीसीएल, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल सहित विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने एफआरए, एनओसी और भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, अंचलवार अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं की समीक्षा की गई और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया।

इस बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय अधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Read More News

Read More