झारखंड में ठंड का असर धीरे-धीरे कमजोर, तापमान में बढ़ोतरी के आसार

News Saga Desk

रांची: झारखंड में सर्द हवाओं का प्रभाव अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। राजधानी रांची में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कांके क्षेत्र में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पलामू और लोहरदगा जिलों में भी ठंड का असर बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

हिमालय में बर्फबारी रुकने से बदला मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी क्षेत्रों में फिलहाल बर्फबारी थम गई है। इसके चलते उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली ठंडी हवाओं की तीव्रता में कमी आई है। इसका असर झारखंड के मौसम पर भी दिख रहा है। विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

चार जिलों में अभी भी ठंड का प्रभाव

शनिवार को झारखंड के चार जिलों—पलामू, खूंटी, हजारीबाग और गुमला—में ठंड का असर बना रह सकता है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

अन्य जिलों में मिलेगी ठंड से राहत

राज्य के शेष 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि धनबाद, बोकारो, देवघर, गिरिडीह सहित अन्य जिलों में तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।

दिन में साफ रहेगा आसमान

मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर के समय आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। तेज और चमकदार धूप निकलने से दिन का मौसम सुहावना बना रहेगा। हालांकि सुबह और रात के समय हल्की कनकनी महसूस की जा सकती है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Read More News

अमेरिका दौरे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर, व्यापार समझौते के बाद उच्चस्तरीय बैठकों से भारत-अमेरिका रिश्तों को मिली नई गति

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मंगलवार को अपने तीन दिवसीय अमेरिका दौरे की शुरुआत की। वॉशिंगटन...

Read More