News Saga Desk
गणतंत्र दिवस एवं सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर जिला प्रशासन, पाकुड़ की ओर से जिला स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 100 से अधिक बालक एवं बालिका प्रतिभागियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सिविल एसडीओ, डीटीओ पाकुड़, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ टाउन थाना प्रभारी, जिला खेल पदाधिकारी तथा पाकुड़ जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष श्री अमलान कुसुम सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
बालिका वर्ग के परिणाम
बालिका वर्ग में सुहागिन हंसदा (पाकुड़) ने 12.20 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। लक्ष्मी भगत (पाकुड़) 13.47 मिनट के साथ द्वितीय तथा कल्याणी सरकार (पाकुड़) 14.14 मिनट के समय के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
बालक वर्ग के परिणाम
बालक वर्ग में बाबनता हंसदा (कालाजोर, पाकुड़) ने 9.11 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। समीर अंसारी (पाकुड़) 9.26 मिनट के साथ द्वितीय तथा मोतीलाल सोरेन (डंगपारा, पाकुड़) 9.35 मिनट के साथ तृतीय स्थान पर रहे।
पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बालक एवं बालिकाओं को ₹11,000, द्वितीय स्थान को ₹7,000 तथा तृतीय स्थान को ₹5,000 की नकद राशि, ट्रैकसूट और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण पाकुड़ जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष श्री अमलान कुसुम सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में पाकुड़ जिला साइकिलिंग संघ के सचिव श्री रणवीर सिंह सहित मनीष कुमार, अक्षय बाबरी, अंकित राय, नारायण चंद्र राय, प्रवीण कुमार, पंकज अग्रवाल और अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
No Comment! Be the first one.