News Saga Desk
रांची: झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। गुरुवार को संबंधित निर्वाची पदाधिकारियों ने सभी दाखिल नामांकन पत्रों की गहन जांच की, जिसमें कुल 424 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए। इनमें नगर निगमों के महापौर तथा नगर परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल 76 नामांकन शामिल हैं, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए दाखिल 348 नामांकन पत्र अमान्य पाए गए।
नाम वापसी आज शाम तक
नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब कुल 6,555 प्रत्याशी चुनावी मैदान में शेष रह गए हैं। इनमें 598 प्रत्याशी महापौर और अध्यक्ष पद के लिए, जबकि 5,957 प्रत्याशी वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, प्रत्याशी शुक्रवार शाम तीन बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन निर्वाचन क्षेत्रों में सीधा मुकाबला होगा और कहां निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनेगी।
महिलाओं की मजबूत भागीदारी
नामांकन जांच के बाद बचे प्रत्याशियों में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही है। कुल 6,555 प्रत्याशियों में से 3,229 महिलाएं हैं। इनमें 251 महिलाएं महापौर व अध्यक्ष पद के लिए और 2,978 महिलाएं वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। नाम वापसी की अंतिम प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नगर निकाय चुनाव की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
No Comment! Be the first one.