रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील

News Saga Desk

राजधानी रांची के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। एहतियात के तौर पर सिविल कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया और वहां मौजूद जजों, वकीलों, कर्मचारियों व आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान कुछ समय के लिए कोर्ट का कामकाज भी बाधित रहा।

बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की तैनाती

मामले की जानकारी मिलते ही झारखंड जगुआर की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने कोर्ट भवन, पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की जा रही है।

आवागमन पर कड़ी निगरानी

सिविल कोर्ट के आसपास सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

साइबर सेल कर रही ईमेल की जांच

धमकी भरे ईमेल की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है। ईमेल कहां से भेजा गया, किस आईपी एड्रेस का इस्तेमाल हुआ और इसके पीछे कौन है, इन सभी बिंदुओं पर गहन पड़ताल की जा रही है।

अधिकारियों की निगरानी में सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय भी मौके पर पहुंचे और पूरे सर्च ऑपरेशन की निगरानी की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल सिविल कोर्ट और उसके आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे को लेकर कोई चूक नहीं करना चाहतीं।

Read More News

रांची में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने की तैयारी, 2000 क्षमता का शेल्टर होम और अस्पताल बनेगा

रांची: शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम...

Read More