News Saga Desk
रांची: बोकारो जिले में जंगली हाथियों के हमले में घायल लोगों से मिलने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो रिम्स पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल लिया और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में मंत्रियों ने कहा कि घटना में मृतकों के परिजनों, घायलों और प्रभावित ग्रामीणों को सरकार के नियमों के अनुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में लगातार हो रही हाथी हमलों की घटनाओं को लेकर सरकार गंभीर और चिंतित है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की रात बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत महुआटांड़ थाना क्षेत्र के गंगपुर गांव में हाथियों के झुंड ने एक घर पर हमला कर दिया था। इस घटना में एक ही परिवार के दो लोगों की कुचलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है।
No Comment! Be the first one.