News Saga Desk
रांची (झारखंड):
रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण और बिक्री के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर 19 देसी अवैध हथियार, 4 अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनगड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सीताडीह में एक व्यक्ति अवैध रूप से हथियारों का निर्माण कर उनकी बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने ग्राम सीताडीह पहुंचकर आरोपी नारायण लोहरा के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली गई, जहां पीछे शौचालय के नीचे छुपाकर रखे गए हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार और निर्माण सामग्री जब्त की, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध धंधे का खुलासा हुआ है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नारायण लोहरा (उम्र 60 वर्ष)
पिता – स्वर्गीय कलिया लोहरा
निवासी – ग्राम सीताडीह, थाना अनगड़ा, रांची
बरामद सामग्री:
- देसी अवैध निर्मित हथियार – 19 पीस
- अर्धनिर्मित हथियार – 4 पीस
- हथियार बनाने के उपकरण – 4 सेट
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.