नगरपालिका चुनाव 2026: मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण, तैयारियां तेज

News Saga Desk

रांची: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर बुधवार को उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया ने मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त ने पोलिंग पार्टियों को भेजने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और उपनिर्वाचन पदाधिकारी-सह-पंचायती राज पदाधिकारी को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर और बिना किसी त्रुटि के पूरी करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन के अनुसार 22 फरवरी 2026 को मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर से विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। इस दौरान व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

इनमें पोलिंग पार्टियों के लिए काउंटरवार सुव्यवस्थित डिस्पैच व्यवस्था, निर्वाचन सामग्री किट का पूर्ण और त्रुटिरहित संकलन, कर्मियों की उपस्थिति का सत्यापन तथा रैंडमाइजेशन के अनुरूप उनकी प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती, रूट चार्ट के अनुसार वाहन व्यवस्था और पोलिंग कर्मियों को प्रशिक्षण संबंधी निर्देशों का पुनः स्मरण कराने पर भी जोर दिया गया।

उपविकास आयुक्त ने डिस्पैच के दिन भीड़ से बचने के लिए समयबद्ध और चरणबद्ध व्यवस्था लागू करने तथा प्रत्येक पोलिंग पार्टी को उनके निर्धारित वाहन और रूट की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल सुविधा, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Read More News

झारखंड में 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला, कार्मिक विभाग ने जारी की अधिसूचना, कई विभागों में नए सचिव नियुक्त

राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए बुधवार रात यानी 11 फ़रवरी 2026 को 16 आईएएस...

वंदे मातरम्‌ पहले, फिर जन गण मन: गृह मंत्रालय की नई गाइडलाइन जारी, खड़े होकर देना होगा सम्मान

राष्ट्रगीत वंदे मातरम्‌ के गायन और उसके प्रस्तुतीकरण के क्रम को लेकर केंद्र सरकार ने नई व्यवस्था...

रांची में तेज रफ्तार गाड़ी ने पांच लोगों को कुचला, एक की मौत, चालक वाहन लेकर फरार, पुलिस ने तेज की तलाशी

राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार थार वाहन...

Read More