News Saga Desk
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आज भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच का टॉस भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे होगा, जबकि पहली गेंद शाम 7 बजे फेंकी जाएगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह फाइनल कई मायनों में ऐतिहासिक हो सकता है। अगर भारतीय टीम यह मुकाबला जीतने में सफल रहती है, तो वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरी बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। इसके साथ ही भारत लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने वाली भी पहली टीम बन सकती है। वहीं पहली बार कोई मेजबान टीम टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर सकती है।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम भी पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। लीग स्टेज में भारत ने अमेरिका, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराया। हालांकि सुपर-8 चरण में टीम को साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। अब पूरे देश की निगाहें इस बड़े मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
No Comment! Be the first one.