News Saga Desk
रेलवे के लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर सहित रनिंग कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित रनिंग भत्ते में वृद्धि की मांग पर अब रेलवे बोर्ड ने सकारात्मक रुख दिखाया है।
सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा के अनुसार, जैसे ही महंगाई भत्ता (DA) 50 प्रतिशत होता है, अन्य सभी भत्तों में 25 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है। 1 जनवरी 2024 से महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत होने के बाद अन्य भत्तों में यह बढ़ोतरी लागू कर दी गई थी। हालांकि, रनिंग कर्मचारियों को मिलने वाले रनिंग भत्ते में यह वृद्धि अब तक लागू नहीं की गई थी।
ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) के जोनल सेक्रेटरी ओपी शर्मा और मीडिया प्रभारी एनके खवास ने बताया कि इस मुद्दे को 16-17 फरवरी 2026 को रेलवे बोर्ड के साथ हुई विभागीय समिति की बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में AIRF के नेता शिव गोपाल मिश्रा ने मद संख्या ए-13 के तहत चर्चा करते हुए रेलवे बोर्ड की टालमटोल नीति पर नाराजगी जताई। उन्होंने रनिंग भत्ते की दर में तत्काल 25 प्रतिशत वृद्धि करने के साथ ही 1 जनवरी 2024 से एरियर भुगतान की मांग भी जोरदार तरीके से रखी।
बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड ने इस पर सहमति जताते हुए जल्द आदेश जारी करने का आश्वासन दिया है। ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री सह AIRF वर्किंग कमेटी मेंबर मो. ज़्याऊद्दीन ने कहा कि यह सफलता रनिंग कर्मचारियों के लगातार आंदोलन और AIRF के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है।
इस निर्णय पर रेलवे के विभिन्न रनिंग काउंसिल के सदस्यों और लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर्स में खुशी का माहौल है। बरकाकाना और धनबाद समेत विभिन्न क्षेत्रों के कर्मचारियों ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है।
No Comment! Be the first one.