SIR in Bengal: पश्चिम बंगाल में 90 लाख से ज्यादा वोटरों के नाम कटे, 32 लाख नए मतदाता जुड़े

News Saga Desk

कोलकाता: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है, जिसमें बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने का मामला सामने आया है। आयोग के सूत्रों के अनुसार, राज्यभर में 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। सबसे अधिक नाम मुर्शिदाबाद जिले से हटाए गए, जहां यह संख्या 4.55 लाख से अधिक रही। इसके बाद उत्तर 24 परगना में करीब 3.25 लाख नाम हटाए गए।

आधी रात को जारी हुई अधिसूचना

चुनाव आयोग ने पहले चरण के मतदान के लिए मतदाता सूची को सोमवार रात अंतिम रूप दिया और अधिसूचना जारी की। हालांकि, हटाए गए मतदाताओं के आंकड़े मंगलवार सुबह सामने आए।

देश के 11 राज्यों में हुए इस सर्वेक्षण में पश्चिम बंगाल दूसरे स्थान पर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है, जहां 2 करोड़ से अधिक नाम हटाए गए हैं।

32 लाख से अधिक नए मतदाता शामिल

अंतिम सूची के अनुसार, विचाराधीन मतदाताओं की संख्या 60 लाख 6 हजार 675 थी। इनमें से 27 लाख 16 हजार 393 नाम हटाए गए, जबकि 32 लाख 68 हजार 119 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया है।

पहले हटाए गए 63 लाख नामों और पूरक सूची के 27 लाख नामों को मिलाकर कुल हटाए गए मतदाताओं की संख्या 90 लाख से अधिक हो गई है।

कई जिलों में लाखों नाम हटे

पूर्वी बर्धमान, दक्षिण 24 परगना, नदिया और मालदा में दो लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं। वहीं कूच बिहार, उत्तर दिनाजपुर, हावड़ा और हुगली में एक लाख से अधिक नाम सूची से बाहर किए गए।

सबसे कम नाम झाड़ग्राम जिले में हटाए गए हैं। कोलकाता दक्षिण में 28,468 और कोलकाता उत्तर में 39,164 नाम हटाए गए।

आंकड़ों में और बदलाव की संभावना

चुनाव आयोग के अनुसार, कुछ नाम अभी ई-हस्ताक्षरित नहीं हैं, जिसके चलते हटाए गए मतदाताओं की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज

इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले आशंका जताई थी कि करीब 1.20 करोड़ नाम हटाए जा सकते हैं, हालांकि आयोग के आंकड़े इससे कम हैं।

मतदाता सूची में इतने बड़े पैमाने पर बदलाव से राज्य की चुनावी तस्वीर पर असर पड़ सकता है। चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया पर अब सभी की नजर बनी हुई है।

Read More News

गढ़वा में देह व्यापार का बड़ा खुलासा: तीन होटलों पर छापेमारी, नाबालिगों समेत मैनेजर गिरफ्तार

गढ़वा: जिले में कथित देह व्यापार के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की...

Read More