News Saga Desk
झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर Arava Rajkamal ने शनिवार को न्यू झारखंड भवन का विस्तृत औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान भवन की मेंटेनेंस, हाउसकीपिंग, रसोई संचालन, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का भौतिक सत्यापन किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेजिडेंट कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि न्यू झारखंड भवन को बेहतर प्रशासनिक समन्वय और जनसुविधाओं के मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और तकनीक-संचालित बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मॉड्यूल और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने पर जोर दिया।
उन्होंने कर्मचारियों का सुव्यवस्थित विवरण संधारित करने, ऑनलाइन फीडबैक प्रणाली शुरू करने और मैनुअल रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। साथ ही भवन में शौचालय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और कूड़ा-कचरा प्रबंधन को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए।
रेजिडेंट कमिश्नर ने कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित और व्यवहारिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा न्यू झारखंड भवन परिसर में उद्योग विभाग और JTDC कार्यालय शुरू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली स्थित झारखंड भवन को प्रशासनिक, औद्योगिक, पर्यटन और जनसंपर्क गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनाना है।
रसोई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अरवा राजकमल ने निर्देश दिया कि भवन में ठहरे अतिथियों को समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
No Comment! Be the first one.