News Saga Desk
झारखंड के बोकारो जिले में दामोदर और कोनार नदी के बढ़ते प्रदूषण को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy ने बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (BTPS) प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने आरोप लगाया है कि पावर प्लांट से निकलने वाली राख (छाई) और रसायनयुक्त दूषित पानी सीधे दामोदर-कोनार संगम क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है, जिससे पर्यावरण और जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
सरयू राय ने बताया कि ‘दामोदर बचाओ आंदोलन’ से जुड़े कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह उन्हें घटना से जुड़े वीडियो और फोटो साक्ष्य उपलब्ध कराए। इन साक्ष्यों में कथित तौर पर साफ दिखाई दे रहा है कि BTPS के ऐश पॉन्ड की पाइपलाइन फटने के कारण राख मिश्रित दूषित पानी लगातार नदी में बह रहा है।
विधायक ने यह सभी साक्ष्य बोकारो उपायुक्त को भेजते हुए जिला पर्यावरण समिति के अध्यक्ष के रूप में मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और BTPS प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सरयू राय ने आरोप लगाया कि राख के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण BTPS प्रबंधन समय-समय पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान गर्मी के मौसम में ही यदि नदियों की स्थिति इतनी खराब है, तो मानसून के दौरान हालात और भयावह हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि दामोदर और कोनार जैसी महत्वपूर्ण नदियों को प्रदूषित करना पूरे क्षेत्र की जैव विविधता, जल स्रोत और लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा है।
विधायक ने झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बोर्ड को अपनी वैधानिक जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए और औद्योगिक इकाइयों द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाना चाहिए। सरयू राय ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो दामोदर बचाओ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
No Comment! Be the first one.