News Saga Desk
टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में हुए चर्चित कमलेश कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई थी।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि मृतक कमलेश कुमार की हत्या पहले एक घर के अंदर की गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को दुर्घटना दिखाने की साजिश रची और शव को रिंग रोड पर ले जाकर फेंक दिया, ताकि यह मामला सड़क हादसा लगे। लेकिन पुलिस की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस ने इस मामले में शिवनाथ कुमार सिंह, उसकी पत्नी अंगिता देवी और साहिल राजा को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया हाईवा ट्रक, एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या के पीछे अवैध संबंध का शक मुख्य वजह था। इसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अब इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई थी।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए मामले का खुलासा किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य संभावित तथ्यों की भी जांच कर रही है।
No Comment! Be the first one.