News Saga Desk
उत्तर प्रदेश में मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि पिछले 24 घंटे में 100 लोगों की जान चली गई। तेज आंधी, बारिश और तूफान ने कई जिलों में तबाही मचा दी। लेकिन बरेली से सामने आई एक घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया, जहां आंधी से बचने की कोशिश में एक शख्स खुद हवा में उड़ गया।
यूपी के बरेली में बुधवार शाम करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी ने लोगों को दहशत में डाल दिया। इसी दौरान 50 साल का एक व्यक्ति खुद को बचाने के लिए टीन की शेड पकड़कर खड़ा हो गया। लेकिन तेज हवा इतनी जबरदस्त थी कि टीन की शेड उखड़ गई और शख्स को अपने साथ करीब 50 फीट ऊपर हवा में उड़ा ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यक्ति लगभग 100 मीटर दूर खेत में जाकर गिरा। हादसे में उसका हाथ टूट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। वहीं, आंधी-तूफान और बारिश की वजह से बाराबंकी, सीतापुर, देवरिया समेत कई जिलों के 2000 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहें।
No Comment! Be the first one.