News Saga Desk
घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को भी उतार-चढ़ाव और कमजोरी का माहौल बना रहा। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की लगातार बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। बैंकिंग और ऊर्जा क्षेत्र के बड़े शेयरों में बिकवाली ने बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव बनाया।
हालांकि, सेंसेक्स की 30 में से 20 कंपनियों के शेयर बढ़त में बंद हुए, लेकिन एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट के चलते बाजार लाल निशान में बंद हुआ। वहीं पावर ग्रिड, एनटीपीसी, टाटा स्टील और इटर्नल जैसे शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली।
विशेषज्ञों के मुताबिक, मिडिल ईस्ट संकट के चलते निवेशकों ने फिलहाल ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपनाई हुई है। हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक बातचीत के संकेतों ने बाजार में भारी गिरावट को कुछ हद तक रोकने का काम किया।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 3.24 फीसदी गिरकर 96.35 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई, जिससे बाजार को थोड़ी राहत मिली। बाजार के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार से 2,407.87 करोड़ रुपये की निकासी की, जिसका असर बुधवार के कारोबार पर भी देखने को मिला।
No Comment! Be the first one.