NEWS SAGA DESK
रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा की एक सीट जीतने का दावा किया है। इस संबंध में शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी नहीं बल्कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक में बिहार से आए वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल नारायण सिंह भी मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक चली बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा हुई।
महागठबंधन की रणनीति पर भी हुई चर्चा
बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा दो उम्मीदवार उतारे जाने और कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद बने राजनीतिक समीकरणों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
आज देर रात या शनिवार सुबह तक प्रत्याशी की घोषणा
बैठक के बाद भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि पार्टी ने राज्यसभा की एक सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व आज देर रात या शनिवार सुबह तक उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकता है।
उन्होंने कहा कि नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है और उम्मीदवार घोषित होने के बाद भाजपा विधायक एकजुट होकर नामांकन दाखिल करेंगे।
आंकड़ों से इतर जीत का भरोसा
नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में 81 विधायक मतदाता हैं। वर्तमान राजनीतिक गणित के बावजूद भाजपा को अपने उम्मीदवार की जीत का पूरा भरोसा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का प्रत्याशी चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुंचेगा।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, विधायक शशि भूषण मेहता, राज सिन्हा, पूर्णिमा देवी और नीरा यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।
राज्यसभा चुनाव को लेकर अब सभी की नजरें भाजपा उम्मीदवार की घोषणा और महागठबंधन की अंतिम रणनीति पर टिकी हुई हैं।
No Comment! Be the first one.