झारखंड सरकार की बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित मंत्रिपरिषद की बैठक स्थगित कर दी गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी जारी की गई है।
NEWS SAGA DESK
रांची: झारखंड सरकार की बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित मंत्रिपरिषद की बैठक स्थगित कर दी गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी जारी की गई है। विभाग के मुताबिक, अपरिहार्य कारणों के चलते आज होने वाली कैबिनेट बैठक को टालने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में यह बैठक प्रस्तावित थी। बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर काफी चर्चा थी, क्योंकि इसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की ओर से निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही थी।

विशेष विधानसभा सत्र पर हो सकती थी चर्चा
प्रस्तावित बैठक में विधानसभा के विशेष सत्र से जुड़ा मुद्दा प्रमुख माना जा रहा था। MMDR एक्ट से संबंधित विषयों पर चर्चा के लिए विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाने के प्रस्ताव पर भी विचार किए जाने की संभावना थी। इसके अलावा बैठक के एजेंडे में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल होने की बात सामने आई थी। इनमें JPSC के अध्यक्ष और सदस्यों के मनोनयन से संबंधित मामला भी संभावित प्रस्तावों में शामिल था।
तीन दर्जन से ज्यादा प्रस्तावों पर थी नजर
जानकारी के अनुसार, बुधवार की बैठक में करीब तीन दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय की संभावना थी। ऐसे में बैठक के अचानक स्थगित होने के बाद अब इन प्रस्तावों पर सरकार अगली कैबिनेट बैठक में विचार कर सकती है। फिलहाल सरकार की ओर से अगली बैठक की नई तारीख की जानकारी नहीं दी गई है। कैबिनेट बैठक की नई तारीख और एजेंडे को लेकर आधिकारिक सूचना का इंतजार है।
No Comment! Be the first one.