NEWS SAGA DESK
रांची : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड दौरे के दौरान अपनी जन्मस्थली रांची पहुंचकर भावुक अंदाज में राज्य से अपने जुड़ाव को याद किया। रांची एयरपोर्ट पहुंचते ही उन्होंने कहा कि झारखंड उनके लिए केवल एक राज्य नहीं, बल्कि दूसरा घर है।
कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद नितिन नवीन ने कहा, “सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा को नमन करता हूं। यह धरती मेरे लिए विशेष है, क्योंकि यह मेरी जन्मस्थली है। झारखंड मेरा दूसरा घर है।”
एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक हुआ भव्य स्वागत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार रांची पहुंचे नितिन नवीन का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रांची एयरपोर्ट से प्रदेश भाजपा कार्यालय तक जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और नारों के बीच उनका स्वागत किया गया।
इस दौरान उन्होंने हीनू में जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा, बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तथा कैलाशपति मिश्रा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
महिला कार्यकर्ताओं ने उतारी आरती
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर महिला कार्यकर्ताओं ने शंखध्वनि और आरती के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद नितिन नवीन ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
संगठन और राज्यसभा चुनाव पर हुई चर्चा
प्रदेश कार्यालय में नितिन नवीन ने भाजपा की कोर कमेटी और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
भाजपा अध्यक्ष के झारखंड दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनके दौरे से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को गति मिलेगी।
No Comment! Be the first one.