एमएमसीएच में एचआईवी पॉजिटिव महिला की पहचान छिपाकर डिलीवरी, जांच शुरू

NEWS SAGA DESK

पलामू :- झारखंड के पलामू स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एक एचआईवी पॉजिटिव महिला द्वारा अपनी स्वास्थ्य स्थिति छिपाकर सिजेरियन डिलीवरी कराने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार महिला ने अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्चे को जन्म दिया। बाद में उसके एचआईवी संक्रमित होने की जानकारी सामने आने पर अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच चिंता बढ़ गई। विशेष रूप से इसलिए क्योंकि उसी ऑपरेशन थिएटर में इसके बाद अन्य महिलाओं की भी सिजेरियन डिलीवरी की गई थी।

एमएमसीएच के सुपरिटेंडेंट डॉ. अजय कुमार ने बताया कि मामले में गायनोकोलॉजी विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने अपनी पहचान और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी छिपाई थी। मामले की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बताया जाता है कि डिलीवरी के बाद महिला ने व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया था। इसे देखने के बाद एआरटी सेंटर के कर्मियों ने उससे संपर्क कर डिलीवरी के संबंध में जानकारी ली। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी डिलीवरी एमएमसीएच में हुई है।

इसके बाद एआरटी सेंटर ने अस्पताल प्रशासन से संपर्क कर महिला के एचआईवी संक्रमण और डिलीवरी के दौरान अपनाए गए चिकित्सकीय प्रोटोकॉल की जानकारी मांगी। एआरटी सेंटर से सूचना मिलने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को मामले की जानकारी हुई।

अस्पताल में दोबारा जांच कराने पर महिला की रिपोर्ट एचआईवी पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद एआरटी सेंटर ने महिला और नवजात शिशु की आवश्यक जांच कर उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता और किट उपलब्ध कराई।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा निर्धारित स्वास्थ्य सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

रिम्स ट्रॉमा सेंटर में युवक की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के ट्रॉमा सेंटर में एक युवक की मौत...

Read More