रिम्स ट्रॉमा सेंटर में युवक की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

NEWS SAGA DESK

रांची :- राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के ट्रॉमा सेंटर में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद कुछ समय तक ट्रॉमा सेंटर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय युवक पंकज गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसे देर रात इलाज के लिए रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर और उचित इलाज नहीं मिलने के कारण युवक की जान गई। उन्होंने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ परिजनों और डॉक्टरों के बीच धक्का-मुक्की की भी सूचना है।

ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक डॉ. साकेत ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ था। उसके शरीर की कई हड्डियां टूट गई थीं और काफी रक्तस्राव हो चुका था। चिकित्सकों की टीम ने उसे बचाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए, लेकिन उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

रिम्स प्रबंधन ने भी स्पष्ट किया कि मरीज के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। अस्पताल की ओर से कहा गया कि चिकित्सकों ने अपनी ओर से हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण मरीज की मृत्यु हो गई।

बाद में अस्पताल कर्मियों और अन्य लोगों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन और परिजनों के बीच अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

Read More News

रिम्स ट्रॉमा सेंटर में युवक की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान के ट्रॉमा सेंटर में एक युवक की मौत...

Read More