NEWS SAGA DESK
गिरिडीह :- झारखंड के गिरिडीह जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा गांव में एक पिता ने कथित तौर पर अपनी तीन बेटियों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान नंदू यादव उर्फ नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। मृत बच्चियों में नाबालिग पल्लवी तथा सात वर्षीय जुड़वां बहनें रिद्धि और सिद्धि शामिल हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी रविवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसके बाद घर में काफी देर तक विवाद और हंगामा होता रहा। आरोप है कि सोमवार सुबह उसने अपनी तीनों बेटियों पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी परिवार के अन्य सदस्यों को भी नुकसान पहुंचाना चाहता था, लेकिन उसकी पत्नी राधा देवी और पुत्र पंटू यादव किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। वहीं, कुछ लोगों ने आरोपी के किसी महिला के साथ कथित संबंध होने की भी चर्चा की है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जीतबाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य और रक्त के नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था और घटना किन परिस्थितियों में हुई।
एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.