केदारनाथ यात्रा पर निकले युवक की गोली मारकर हत्या, करसो पुल के पास वारदात

NEWS SAGA DESK

हजारीबाग:- जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के समीप सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान विक्की सोनी के रूप में हुई है, जो हजारीबाग शहर के ओकनी क्षेत्र के रहने वाले थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

केदारनाथ यात्रा पर जाने निकले थे विक्की

जानकारी के अनुसार विक्की सोनी अपने मित्र अभिषेक कुमार उपाध्याय के साथ केदारनाथ धाम की तीर्थ यात्रा पर जाने के लिए घर से निकले थे। अभिषेक उन्हें कोडरमा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़नी थी।

इसी दौरान करसो पुल के पास उनकी कार का टायर पंचर हो गया। दोनों सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर बदल रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और विक्की सोनी को निशाना बनाते हुए उनकी गर्दन में गोली मार दी।

मौके पर हुई मौत

गोली लगते ही विक्की सोनी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना पर बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं तथा अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Read More News

Read More