बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक का प्रदर्शन

NEWS SAGA DESK

जमशेदपुर:- जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक ने अपने क्षेत्र की विभिन्न बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। उन्होंने परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण तथा जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

पूर्णिमा मलिक ने कहा कि इन इलाकों में लंबे समय से सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिसके कारण कई स्थानों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है। वहीं नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से जलजमाव और गंदे पानी के बहाव की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। उन्होंने मांग की कि बागबेड़ा की तर्ज पर परसुडीह, हरहरगुट्टू और करनडीह क्षेत्रों में भी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बरसात के मौसम को देखते हुए जुगसलाई नगर परिषद से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की।

उन्होंने शीतला चौक से व्यंगबिल तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि करीब तीन वर्ष पहले सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने बारिश शुरू होने से पहले निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान पूर्णिमा मलिक ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं को लगातार प्रशासन के समक्ष रखा जा रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के सहयोग से व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

Read More News

Read More