मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन के साथ दिउड़ी मंदिर में की पूजा-अर्चना

News Saga Desk

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध दिउड़ी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्राचीन शक्तिपीठ सोलहभुजी माँ दिउड़ी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।

मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पुरोहित मनोज पंडा और मुख्य पाहन सुखराम जी ने कराया।

मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें अपने बीच पाकर उत्साह व्यक्त किया।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। मुख्यमंत्री ने माता रानी से झारखंड के विकास, समृद्धि और सभी नागरिकों के कल्याण की प्रार्थना की।

Read More News

Read More