कांगो के बुकावु में भीषण आग से कम से कम 24 बच्चों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हैं। आग ने करीब 300 घरों और दो स्कूलों को चपेट में लिया।
डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के बुकावु इलाके में भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी है। कांगो में भीषण आग की चपेट में आने से दो स्कूलों के कम से कम 24 बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में कुछ वयस्कों के भी मारे जाने की सूचना है, जबकि करीब 29 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

आग ने घनी आबादी वाले इलाके में देखते ही देखते करीब 300 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रशासन को आशंका है कि राहत और बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
एक घर से शुरू हुई आग ने मचाई तबाही
स्थानीय प्रशासक मोसे लुबाला के मुताबिक, आग की शुरुआत एक घर से हुई थी। देखते ही देखते लपटें आसपास के मकानों तक पहुंच गईं। घनी आबादी और एक-दूसरे से सटे घरों के कारण आग को फैलने में ज्यादा समय नहीं लगा।
कुछ ही देर में आग नजदीक स्थित दो स्कूलों तक भी पहुंच गई। उस समय स्कूलों में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। आग और धुएं के बीच बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई और हर कोई सुरक्षित बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। आग की चपेट में फुराहा सेकंडरी स्कूल और उजामा प्राइमरी स्कूल भी आए। बताया गया कि फुराहा सेकंडरी स्कूल में उस वक्त काफी संख्या में छात्र मौजूद थे।
आग और धुएं के कारण बच्चों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया। स्कूल से बाहर निकलने का रास्ता संकरा होने के कारण हालात और बिगड़ गए। प्रशासन के मुताबिक, कुछ छात्रों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से छलांग लगा दी, जबकि कई बच्चे दरवाजे की ओर भागे। इस दौरान छात्रों के एक-दूसरे से टकराने और गिरने की वजह से भी कई लोग घायल हुए। कांगो में भीषण आग ने स्कूल परिसर में कुछ ही समय में बेहद भयावह स्थिति पैदा कर दी।
कांगो में भीषण आग का असर केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रहा। आग की लपटों ने आसपास के करीब 300 घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बड़ी संख्या में मकान जलकर पूरी तरह तबाह हो गए।
घनी आबादी वाले इलाके में घरों के पास-पास बने होने के कारण आग तेजी से फैलती गई। आग बुझने के बाद भी घटनास्थल पर जला हुआ मलबा और टीन की चादरें दिखाई देती रहीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, लेकिन मलबे से देर तक धुआं निकलता रहा।
इसे भी देखें...गुजरात की पार्टियों को हजारों करोड़ का चंदा? JMM ने उठाए सवाल
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं
हादसे के बाद आग लगने की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग किस वजह से लगी और इतनी तेजी से आसपास के घरों और स्कूलों तक कैसे पहुंची।
अधिकारियों को आशंका है कि मलबे की तलाशी और राहत-बचाव अभियान आगे बढ़ने पर मृतकों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
No Comment! Be the first one.